ट्रैक्टर ने युवक को कुचला, ग्रामीणों ने आग लगाई, अवैध रेत परिवहन में लगी थी ट्रॉली

शहडोल। गोहपारू थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार शंकर प्रताप साहू (35) को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर मौत हो गई। दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर में आग लगा दी। स्थिति नियंत्रित करने के लिए व अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पाथेरा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर सवार दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई और चालक फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत का उत्खनन और परिवहन जारी है, लेकिन संबंधित विभाग कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। नाराजगी में भीड़ ने पलटे हुए ट्रैक्टर में आग लगा दी। हंगामे के कारण पुलिस को शव कब्जे में लेने में मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर में धौनहा नदी से अवैध रूप से रेत भरकर ले जाई जा रही थी।

Next Post

भाजपा के महाराजा मानसिंह तोमर मंडल की बैठक हुई

Wed Jul 8 , 2026
ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी महाराजा मानसिंह तोमर मंडल की बैठक मंडल अध्यक्ष योगेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में हॉटल डायमंड में हुई। बैठक में मुख्य रूप से मंडल प्रभारी लता सिंह, सह प्रभारी गौरव वाजपेयी, जिला मंत्री चंदन पटेल, जिला सह मीडिया प्रभारी डॉ वंदना भूपेन्द्र प्रेमी, मन की बात […]

You May Like