
रीवा, मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित आयोग के अध्यक्ष कैलाश जाटव रीवा जिले के भ्रमण के दौरान स्कूलों तथा छात्रावासों का निरीक्षण किया. अध्यक्ष ने शासकीय पीके सांदीपनि विद्यालय तथा शासकीय एसके हायर सेकण्डरी स्कूल का निरीक्षण करते हुए अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने प्राचार्यों को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को कक्षा आठवीं के बाद ही कॅरियर संबंधी मार्गदर्शन दें. शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ देकर अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराएं.
अध्यक्ष श्री जाटव ने शासकीय कन्या महाविद्यालय परिसर में अनुसूचित जाति सीनियर और जूनियर छात्रावासों का निरीक्षण किया. अध्यक्ष ने छात्रावास में पेयजल व्यवस्था, टायलेट की साफ-सफाई तथा बिजली की फिटिंग में सुधार के निर्देश दिए. अध्यक्ष ने छात्राओं से छात्रावास में मिलने वाली सुविधाओं तथा कठिनाईयों की जानकारी ली. छात्राओं ने बताया कि भवन पुराना होने के कारण दीवारों में सीपेज रहता है तथा छत से पानी टपकता है. अध्यक्ष ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि दोनों छात्रावास भवनों में आवश्यक सुधार कार्य तत्काल कराएं. छात्रावास में कूलर तथा वाटर कूलर की भी व्यवस्था करें. छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा देने के लिए वाईफाई सिस्टम लगवाएं. छात्रावास परिसर में समुचित साफ-सफाई कराएं, जिससे जहरीले जीव-जंतुओं का भय न रहे. खिड़कियों तथा रोशनदानों में तत्काल जाली लगवाएं जिससे मच्छरों और जहरीले जीवों से सुरक्षा हो सके. निरीक्षण के समय जिला संयोजक केके पाण्डेय, वित्तीय प्रबंधक रूचि तिवारी तथा छात्रावास अधीक्षिका उपस्थित रहीं.
