हरदोई 2 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार तड़के एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के शारदा नहर पुल से पहले मन्ना पुरवा के पास यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार डंपर ने शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे कार और मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए तो वहीं बाइक सवार डंपर के नीचे दब गया जिससे उसकी की मौत हो गयी। डम्पर के नीचे दबे बाईक सवार को निकालने के लिए क्रेन और दमकल के लोगो को काफी मशक्कत करनी पड़ी ।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।अग्निशमन अधिकारी शिवराम सिंह यादव और दमकल कर्मी जयशंकर की टीम ने क्रेन की मदद से डंपर के नीचे दबे युवक को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में शहाबुद्दीनपुर निवासी रामरहीस (45) और अरवल थाना क्षेत्र के चंदौबेचे गांव निवासी आशीष शर्मा (20) शामिल हैं। परिजनों के अनुसार रामरहीस सांडी में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। कार में उनके साथ उनका 13 वर्षीय पुत्र शोभित,बहनोई अरुण निवासी नयागांव, मैगलगंज थाना, लखीमपुर ,चचेरा भाई शैलेंद्र और गांव निवासी अनुराग शुक्ला भी सवार थे। दूसरी और आशीष शर्मा भी बिलग्राम से एक शादी में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। हादसे में घायल चार अन्य लोगों का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।
