रीवा: मनगवां से भाजपा विधायक इंजी. नरेन्द्र प्रजापति ने जनपद कार्यालय गंगेव में अपने दो वर्ष के कार्यकाल का लेखा जोखा पत्रकारों के सामने प्रस्तुत किया.उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार के नेतृत्व में क्षेत्र में सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और जल संरक्षण के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं, जिससे मनगवां विधानसभा विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रही है. विधायक ने बताया कि पिछले दो वर्षों में क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई.
आवागमन को सुगम बनाने के लिए 127 किलोमीटर ग्रामीण सडक़ों का निर्माण और चौड़ीकरण किया गया, जिससे कावटोला, सिरसा, पिपरवार और सहेबा सहित कई पंचायतें मुख्य मार्ग से जुड़ गईं हैं इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 33 करोड़ रुपये की लागत से पुल-पुलिया और नाली निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिली है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलेगी. उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के मार्गदर्शन में गंगेव जनपद के हिनौती में अत्याधुनिक गोशाला निर्माण का प्रस्ताव है, जिसमें लगभग 25 हजार गौवंश के संरक्षण की व्यवस्था की जाएगी और इस परियोजना पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे. मनगवां नगर परिषद क्षेत्र के मलकपुर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 15 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं. इस दौरान जनपद अध्यक्ष विकास तिवारी मौजूद रहे.
