संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा AIR-8 प्राप्त पक्षाल सेक्रेट्री को किया गया सम्मानित

आलीराजपुर । जन कल्याण शिक्षा समिति (संकल्प) द्वारा छतरपुर स्थित अध्यात्म साधना केंद्र में आयोजित “गुरु सम्मान एवं चयनित प्रतिभागी अभिनंदन समारोह-2026” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में देशभर से आए सफल UPSC अभ्यर्थियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। इस अवसर पर संघ के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर रहे अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, संस्कार, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना था। देशभर से आए सफल UPSC अभ्यर्थियों एवं चयनित प्रतिभागियों का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर UPSC सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक AIR-8 प्राप्त पक्षाल सेक्रेट्री, बाग (म0प्र0) को डॉ. मोहन भागवत एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के कर-कमलों से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उनकी बहन क्रिया सेक्रेट्री भी साथ में थी।

सम्मान प्राप्त करने के उपरांत पक्षाल सेक्रेट्री ने अपने संबोधन में सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों तथा निरंतर परिश्रम को दिया। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य, सकारात्मक सोच और सतत प्रयास सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उनके प्रेरणादायी विचारों को उपस्थित विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों ने विशेष रुचि से सुना। अपने उद्बोधन में डॉ. मोहन भागवत ने भारतीय चिंतन, सामाजिक समरसता, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत का भविष्य उसके संस्कारित, सक्षम और राष्ट्रनिष्ठ युवाओं के हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने शिक्षा को केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और समाज परिवर्तन का सशक्त साधन बताया। यह जानकारी देते हुए क्रिया सेक्रेट्री ने बताया कि समारोह में उपस्थित अतिथियों ने भी युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षाविद, समाजसेवी, विद्यार्थी, संघ कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। भव्य आयोजन का समापन राष्ट्र निर्माण के संकल्प और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।

Next Post

जिले में ईडी की दबिश से मचा हड़कंप, दो ठिकानों पर चली कार्रवाई

Fri Jun 19 , 2026
सीधी। जिले में शुक्रवार अल सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया। ईडी की कार्रवाई शहर के शास्त्री नगर में एक स्टोन क्रेशर कारोबारी तथा कमर्जी थाना क्षेत्र के बढ़ौना गांव में स्वामी चरण सिंह के घर […]

You May Like