
दमोह।मप्र कृषि विस्तार अधिकारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर चल रहे चरणबद्ध आंदोलन का बुधवार को तीसरा दिन रहा।संघ के निर्देश पर 17 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर के कृषि विस्तार अधिकारी जिला स्तर पर कलमबंद हड़ताल पर हैं।
संघ अध्यक्ष प्रहलाद सिंह लोधी, उपाध्यक्ष शीतल पटेल,भोलाराम रैकवार,सचिव गुरुचरण पटेल, कोषाध्यक्ष दुर्गेश पटेल, संगठन मंत्री दीपक शेवानी,प्रचार मंत्री दिनेश पटेल और प्रवक्ता पुष्पराज सिंह ने बताया कि वे ई-एचआरएमएस प्रणाली में ऑनलाइन अटेंडेंस के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि उनका विरोध ऑनलाइन अटेंडेंस की व्यवस्था से नहीं है, बल्कि वर्तमान परिस्थितियों में इसके क्रियान्वयन से व्यावहारिक और प्रशासनिक कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं। उनकी मांग है कि ऑनलाइन अटेंडेंस लागू करने से पहले मूलभूत और सेवा संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जाए। प्रमुख मांगों मुख्यालय पर शासकीय आवास की व्यवस्था की जाए। तकनीकी पद के अनुरूप ग्रेड दिया जाए।अतिरिक्त केंद्रों के प्रभार का मानदेय बढ़ाया जाए। कृषि विस्तार अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।
