शिलांग 21 अगस्त (वार्ता) मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के जिलाधिकारी ने गुरुवार को भारत-बंगलादेश सीमा पर उग्रवादियों, तस्करों और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों की आवाजाही को रोकने के लिए रात्रि कर्फ्यू लागू कर दिया है।
जिलाधिकारी रोसेटा मैरी कुर्बाह ने बताया कि यह कर्फ्यू 21 अगस्त से अगले दो महीनों के लिए रात आठ बजे से लेकर सुबह छ: बजे तक अंतर्राष्ट्रीय सीमा के शुन्य रेखा से लगभग एक किमी के दायरे में लागू रहेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी अनधिकृत जुलूस या पाँच लोगों से अधिक के समूह या हथियारबंद समूह के प्रवेश पर पूर्ण पाबंदी होगी। साथ ही आदेश में अवैध गतिविधियों, मवेशियों की तस्करी, प्रतिबंधित वस्तुओं, सुपारी, पान के पत्ते, सूखी मछली, बीड़ी, सिगरेट और चाय के पत्तियों को भी लाने-ले जाने प्रतिबंध लगा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पूर्वी खासी हिल्स में अभी भी कई जगहों पर सीमा खुली हुई है और अवैध प्रवासियों, उग्रवाद से जुड़े संगठित अपराधियों आदि के प्रवेश के लिए अनुकूल है। ऐसे में यदि इन्हें नहीं रोका गया तो सीमापार घुसपैठ बढ़ सकता है, जो जिले की शांति व्यवस्था के लिए बहुत खतरनाक हो सकता है।
