कोलंबो, 21 अगस्त (वार्ता) श्रीलंका ने चरिथ असालंका की अगुवाई में 29 अगस्त से जिम्बाब्वे के खिलाफ शुरु होने वाली दो मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए घोषित 16 सदस्यीय टीम में वानिंदु हसरंगा को शामिल नहीं किया है।
वानिंदु हसरंगा जुलाई में बंगलादेश के खिलाफ टी-20 श्रृंखला के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट लगने के बाद से एकदिवसीय मैचों से बाहर हो गए थे और अब जिम्बाब्वे के खिलाफ 50 ओवरों के मैचों के लिए उन्हें टीम में जगह नहीं दी गई है।
टीम में 25 वर्षीय शीर्ष क्रम के बल्लेबाज नुवानिदु फर्नांडो की वापसी हुई है। फर्नांडो ने आखिरी बार 2024 की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ एकदिवसीय मैच खेला था। इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वाले 22 वर्षीय अनकैप्ड शीर्ष क्रम के बल्लेबाज पवन रत्नायके को भी टीम में शामिल किया गया है।
दोनों एकदिवसीय मैच 29 और 31 अगस्त को हरारे में खेले जाएंगे। इसके बाद तीन मैचों की टी-20 सीरीज होगी।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए श्रीलंका की एकदिवसीय टीम इस प्रकार है:- चरिथ असालंका (कप्तान), पथुम निसंका, निशान मदुश्का, कुसल मेंडिस, सदीरा समराविक्रमा, नुवानिदु फर्नांडो, कामिंदु मेंडिस, जेनिथ लियानगे, पवन रत्नायके, डुनिथ वेलालेज, मिलन रत्नायके, महीश थीक्षाना, जेफरी वेंडरसे, असिथा फर्नांडो, दुष्मंथा चमीरा और दिलशान मदुशंका
