
बंडा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को नगर के बरा चौराहा स्थित आर.के. पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया।
दरअसल, ग्राम कांटी निवासी ब्रज सिंह लोधी ने अपनी पुत्री की तबीयत खराब होने पर उक्त लैब में जांच कराई, जहां रिपोर्ट में प्लेटलेट्स काउंट मात्र 19 हजार दर्शाया गया। इस रिपोर्ट से घबराए परिजन बच्ची को इलाज के लिए सागर ले गए। वहां दोबारा जांच में प्लेटलेट्स काउंट 2,48,000 निकले। चिकित्सकों ने स्पष्ट किया कि चिंता की कोई बात नहीं है।
इस फर्जी रिपोर्ट की शिकायत ब्रज सिंह लोधी ने स्वास्थ्य विभाग से की। शिकायत एवं मीडिया में मामला आने के बाद सीएमएचओ सागर के निर्देश पर प्रभारी बीएमओ डॉ. प्रदीप सरवरिया टीम सहित लैब पहुंचे। जांच में लैब में डॉक्टर की निगरानी नहीं पाई गई। मौके से माइक्रो पिपेड, रजिस्टर, सैंपल वायल जब्त किए गए, जबकि जांच में उपयोग की गई मशीन संचालक द्वारा टेस्टिंग हेतु भोपाल भेजी जा चुकी थी।
प्राथमिक जांच में गंभीर लापरवाही सामने आने पर पंचनामा बनाकर लैब को सील कर दिया गया।
