
इंदौर.आजाद नगर क्षेत्र में रहने वाले 24 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान बॉबी यादव के रूप में हुई है, जो टाइल्स लगाने का काम करता था. परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले हुए एक विवाद के बाद उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं, जिससे मानसिक रूप से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया.
आजाद नगर थाना प्रभारी तिलक करोले ने बताया कि मृतक बॉबी के परिजनों ने बताया कि विकास नगर निवासी बॉबी यादव घर के एक कमरे में फंदे पर लटका मिला. उस दिन काम नहीं मिलने पर वह दोपहर में घर लौटा और आराम करने चला गया. देर शाम जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजनों ने दरवाजा खोला. अंदर बॉबी फांसी पर झूलता मिला. तत्काल उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बॉबी के पिता राजेश यादव ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा परिवार का इकलौता सहारा था. पहले ही वर्ष 2021 में उनके एक बेटे की हत्या हो चुकी है.
