
इंदौर. गुना में सगाई समारोह में शामिल होने गई एक छात्रा के साथ फर्जी पहचान, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्म परिवर्तन के दबाव का मामला सामने आया है. युवती की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामले में पुलिस का कहना है कि जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना है.
पीडित छात्रा ने विजय नगर पुलिस को बताया कि सोमवार 6 जनवरी को वह मामा की बेटी की सगाई में शामिल होने गुना गई थी. वहीं पर उसकी मुलाकात कमल नाम के एक युवक से हुई, जिसने उसे होटल स्काई पैलेस चलने को कहा. होटल पहुंचने पर दोनों ने अपने-अपने आधार कार्ड जमा किए, तभी युवती को पता चला कि कमल का असली नाम फरदीन है. जब उसने इस धोखे पर आपत्ति जताई और आगे किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया, तो फरदीन ने पहले उसे धमकाया और फिर जबरदस्ती की. युवती का आरोप है कि फरदीन ने अश्लील फोटो और वीडियो को वायरल करने की धमकी दी थी. घटना से आहत छात्रा ने अपनी एक पुरानी स्कूल मित्र जोया खान से मदद मांगी. लेकिन उसकी उम्मीदों के उलट, जोया ने मदद करने के बजाय फरदीन के साथ संबंध को जायज ठहराते हुए कहा कि अगर वह उससे प्यार करती है और शादी करना चाहती है, तो उसे इस्लाम कबूल करना होगा. अन्यथा, उसके फोटो और वीडियो सार्वजनिक कर दिए जाएंगे.
