बावडिया नौआबाद में हड़कंप: शादी का खाना खाने से 200 लोग अस्पताल पहुंचे, इछावर स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी घोषित

सीहोर। खुशियों से भरे एक वैवाहिक समारोह का माहौल उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गया, जब इछावर के ग्राम बावडिया नौआबाद में दूषित भोजन करने से 200 से अधिक लोग फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए. बुधवार रात मेवाड़ा परिवार के यहां आयोजित प्रीतिभोज में शामिल मेहमानों की तबीयत अचानक बिगडऩे लगी, जिसके बाद हालात इतने गंभीर हो गए कि प्रशासन को इछावर स्वास्थ्य केंद्र में इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी. जिला अस्पताल को भी इस परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार रखा गया.

जानकारी के अनुसार इछावर तहसील के ग्राम बावडिय़ा नौआबाद निवासी बंसीलाल मेवाड़ा के यहां आयोजित इस शादी समारोह में करीब 1200 लोग शामिल हुए थे. भोजन करने के कुछ ही घंटों बाद बड़ी संख्या में मेहमानों को तेज पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या तेजी से बढ़ती गई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया. मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस के साथ निजी वाहनों का सहारा लिया गया. अस्पताल में बेड कम पड़ गए, जिसके चलते कई मरीजों का इलाज गलियारों और जमीन पर लिटाकर करना पड़ा. सूचना मिलते ही एसडीएम और खाद्य विभाग की टीम रात में ही मौके पर पहुंच गई. टीम ने शादी के मेन्यू में शामिल विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए एकत्र किए हैं। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि भीषण गर्मी के कारण भोजन खराब हो गया होगा या दूध से बनी मिठाई में संक्रमण हो सकता है.

इछावर थाना प्रभारी पंकज वाडेकर के अनुसार पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव में तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. फिलहाल प्राथमिकता सभी प्रभावितों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है. खाद्य पदार्थों की लैब रिपोर्ट आने के बाद ही फूड पॉइजनिंग के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन हुआ अलर्ट, इमरजेंसी व्यवस्था लागू

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने तत्काल मोर्चा संभाला. अस्पताल में अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था की गई और छुट्टी पर चल रहे डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ को भी तत्काल ड्यूटी पर वापस बुला लिया गया. स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार मरीजों की निगरानी और उपचार में जुटी हुई है. फूड पॉइजनिंग का सबसे अधिक असर बुजुर्गों पर देखने को मिला है. पाचन शक्ति कमजोर होने के कारण उनकी हालत तेजी से बिगड़ी, जिससे कई बुजुर्गों को विशेष निगरानी में रखा गया है. बच्चों और युवाओं की स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर है. प्राथमिक उपचार के बाद लगभग 50 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि करीब 150 मरीजों का इलाज अभी भी जारी है. इनमें से दो मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है.

अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिले राजस्व मंत्री वर्मा

राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने इछावर तहसील के ग्राम बावडिय़ा नोआबाद में एक निजी कार्यक्रम के दौरान भोजन करने से घटित फूड प्वाइजनिंग की घटना के कारण पीडि़त एवं परिवारजनों से इछावर सिविल अस्पताल में भेंट की एवं उनका कुशल क्षेम जाना. इसके साथ ही राजस्व मंत्री ने चिकित्सकों को सभी आवश्यक उपचार करने तथा संबंधित अधिकारियों को इस घटना के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए.

Next Post

न्याय न मिलने से आहत छात्रा ने काटी हाथ की नस, छेड़छाड़ का आरोपी प्रोफेसर गिरफ्तार

Thu Mar 26 , 2026
सीहोर। शिक्षक और छात्र के विश्वास व सम्मान पर आधारित पवित्र रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला शहर के शासकीय गल्र्स कॉलेज से सामने आया है. यहां बीए थर्ड ईयर की एक छात्रा ने छेड़छाड़ की शिकायत पर समय पर कार्रवाई न होने से आहत होकर बुधवार रात अपनी कलाई […]

You May Like