इंदौर: कनाडिया स्थित फिनिक्स हॉस्पिटल एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है. यहां आयुष्मान योजना में मरीजों से सर्जरी के नाम पर रुपए वसूलने की शिकायतें सामने आईं. मरीजों और उनके परिजनों ने कलेक्टर को दी शिकायत में आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने 45 से 50 हजार रुपए तक खर्च बताया और सर्जरी से पहले 25 हजार रुपए की मांग की. विरोध करने पर 16 हजार रुपए लिए गए. मरीज ने इसका ऑडियो सबूत भी प्रशासन को सौंपा है.
शिकायत पर एडीएम ने सीएमएचओ डॉ. माधव हासानी को जांच के निर्देश दिए. टीम जब मौके पर पहुंची तो कई गड़बड़ियां सामने आईं. अस्पताल में उस समय 20 से ज्यादा मरीज भर्ती थे, लेकिन एक भी रजिस्टर्ड डॉक्टर मौजूद नहीं था. केवल एक होम्योपैथिक डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ही मिले. जांच में अस्पताल की तीसरी मंजिल पर अवैध निर्माण और फायर सेफ्टी सिस्टम का अभाव भी पाया गया, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा है.
सीएमएचओ डॉ. माधव हासानी ने बताया कि नर्सिंग होम एक्ट के तहत अस्पताल संचालक डॉ. हरिकरण बिरला को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं अस्पताल संचालक डॉ. गर्वित अरोरा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि हम प्रशासन को अपने पक्ष के सबूत सौंप रहे हैं.
