
बागली। जनपद क्षेत्र के आदिवासी बहुल ग्राम पोटला में ग्रामसभा की सर्वसम्मति से शराबबंदी लागू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। अब गांव की सीमा में शराब पीना, पिलाना और बेचना अपराध माना जाएगा। बैठक में सरपंच प्रतिनिधि सोमला भाई डोडवे, सनातन विचार मंच समिति अध्यक्ष लोकेश जैन, वनकर्मी पंकज गहलोत, पटेल गणेश पटेल सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
गांववालों ने तय किया कि यदि कोई व्यक्ति अवैध शराब की बिक्री करता या सेवन करता पाया गया तो उस पर आर्थिक एवं सामाजिक दंड लगाया जाएगा। समिति सदस्यों ने घर-घर जाकर शराब के दुष्परिणाम बताए और सभी ने एक स्वर में शपथ ली कि पोटला को आदर्श ग्राम बनाकर मिसाल पेश करेंगे।
सामाजिक कार्यकर्ता गिरधर गुप्ता ने घोषणा की कि नियमों का पालन होने पर कावड़ यात्रा संघ जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता व धार्मिक आयोजनों में सहयोग देगा। वहीं क्षेत्रीय विधायक मुरली भंवरा ने भी आश्वासन दिया कि शराबबंदी लागू होने पर पोटला को विशेष पैकेज के तहत शासकीय सहायता मिलेगी तथा बालवाड़ी, संस्कार भवन और धार्मिक कार्यों के लिए सहयोग प्रदान किया जाएगा।
