मुंबई, 19 अगस्त (वार्ता) हरमनप्रीत कौर अपने पांचवें आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए तैयार हैं और अगले कुछ महीनों का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं जो उनके और उनकी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
हरमनप्रीत ने कहा, ”व्यक्तिगत रूप से, यह टूर्नामेंट मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह घरेलू विश्व कप है। घरेलू विश्व कप हर खिलाड़ी के लिए खास होता है। मुझे चौथे नंबर पर बल्लेबाजी का काफी अनुभव है, मैं बस टीम में योगदान देना चाहती हूँ। हरमनप्रीत इस बड़े टूर्नामेंट में पहली बार भारत की कप्तानी करेंगी।”
उन्होंने कहा,”हम विश्व कप के लिए बहुत उत्साहित हैं। हम प्रशिक्षण शिविर लगा रहे हैं। हम खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार कर रहे हैं।”
भारत के लिए एक उल्लेखनीय कमी शेफाली वर्मा की है, जो हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में भी जगह बनाने से चूक गईं। सलामी बल्लेबाज उसी सीरीज़ में टी20 टीम में लौटी थीं और ऑस्ट्रेलिया ‘ए’ के खिलाफ भारत ‘ए’ टीम का हिस्सा थीं। हालाँकि, चयनकर्ताओं ने इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट में टीम की स्थिरता को प्राथमिकता दी है।
कौर ने कहा, ”वह ऑस्ट्रेलिया में भारत ‘ए’ के लिए खेल रही हैं। वह सिस्टम का हिस्सा हैं। हम उन पर नजर रख रहे हैं। वह जितना ज्यादा खेलेंगी, भविष्य के लिए उतना ही ज्यादा अनुभव हासिल करेंगी।”
उन्होंने कहा, ”हमारी टीम ने इंग्लैंड में अच्छा प्रदर्शन किया। हम इस टीम पर लंबे समय से काम कर रहे हैं। मुझे लगता है कि हमने जो टीम चुनी है, वह सर्वश्रेष्ठ है, इसलिए हम विश्व कप से पहले टीम के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं करना चाहते। हम बस यही चाहते हैं कि शेफाली खेलती रहें और कुछ अनुभव हासिल करें।”
भारत 2005 और 2017 में दो बार उपविजेता रहा है, लेकिन अभी तक खिताब नहीं जीत पाया है। हालांकि, कौर का मानना है कि उनकी टीम ने एक साथ काफी क्रिकेट खेला है और उनके पास अंत तक पहुंचने के लिए जरूरी सभी चीजें मौजूद हैं।
उन्होंने आगे कहा, ”इंग्लैंड सीरीज में भी यही टीम खेली थी और हम लंबे समय से साथ खेल रहे हैं। मुझे लगता है कि टीम काफी संतुलित है और उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया सीरीज और विश्व कप, दोनों में हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलेंगे।”
