
छिंदवाड़ा. परिवहन विभाग के विशेष जांच दल द्वारा नागपुर-छिंदवाड़ा मार्ग पर संचालित यात्री वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 40 यात्री वाहनों की जांच कर उनके दस्तावेज, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, ओवरलोडिंग सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं का परीक्षण किया गया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनुराग शुक्ला ने बताया कि जांच के दौरान यह भी पाया गया कि अन्य मार्गों पर संचालित कुछ यात्री वाहन निर्धारित रूट परमिट के बिना केवल पिकनिक, शादी-विवाह जैसे स्पेशल परमिट अथवा ऑल इंडिया परमिट के आधार पर शहर के बस स्टैंड से यात्रियों का परिवहन कर रहे हैं, जो परमिट नियमों के विरुद्ध है। इस पर विशेष जांच दल द्वारा सघन जांच करते हुए चालानी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान जिन बसों में आपातकालीन द्वार पर सीट लगी मिली अथवा आपातकालीन द्वार खराब स्थिति में पाया गया, ऐसी बसों के फिटनेस निरस्त करने की कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए गए। वाहन क्रमांक एमएच 31एफसी 8760, एमपी 34 पी 0355, एमपी-28 पी 0653 एवं एमपी 28 पी 1015 के चालकों को मौके पर ही नोटिस दिए गए। मोटरयान अधिनियम के तहत दस्तावेजों एवं अन्य कमियां पाए जाने पर कुल 13 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 85000 रुपये का राजस्व वसूल किया गया। परिवहन विभाग ने सभी यात्री वाहन संचालकों एवं चालकों को समझाइश दी कि वे नियमों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर भविष्य में भी विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
