इंदौर: क्षिप्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में घरेलू विवाद के दौरान पति की हैवानियत सामने आई है. गुस्से में आरोपी पति ने पहले पत्नी की जमकर पिटाई की, फिर उसके सिर पर गरम चम्मच दाग दिया. यही नहीं, उसने कैंची से महिला के बाल काटकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी.क्षिप्रा थाने से मिली जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि घटना 7 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे हुई.
महिला का आरोप है कि उसका पति विजयनाथ आए दिन छोटी-छोटी बातों पर विवाद करता है और मारपीट कर प्रताड़ित करता है. घटना वाले दिन आरोपी ने लात-घूंसों से मारपीट करने के बाद गरम चम्मच से उसके सिर को दाग दिया। इसके बाद कैंची से उसके बाल काट डाले. पीड़िता ने बताया कि इस दौरान उसका देवर भी मारपीट में शामिल था. डर के कारण उसने पहले घटना की जानकारी परिवार को दी और फिर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पति विजयनाथ सहित ससुराल पक्ष के दो लोगों के खिलाफ घरेलू हिंसा और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
