ग्वालियर: भीषण आगजनी की घटनाओं से निपटने और राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने के लिए सरकार अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने जा रही है। इसके तहत नगर निगम और प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों सहित 21 स्थानों पर 12 हजार लीटर क्षमता वाले आधुनिक वाटर बाउजर तैनात किए जाएंगे। मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी ने इन वाहनों की खरीद के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। आधुनिक तकनीक से लैस ये वाहन बहुमंजिला इमारतों, औद्योगिक इकाइयों और आगजनी की बड़ी घटनाओं में बचाव कार्यों को गति देने में मदद करेंगे। इनमें वाटर मॉनिटर, फोम सिस्टम और हाई-प्रेशर पंप जैसी सुविधाएं होंगी। इनकी मदद से तेज दबाव के साथ पानी और फोम का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाने की क्षमता बढ़ाई जा सकेगी।
योजना के तहत प्रदेश के सभी नगर निगमों और पांच प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इनमें ग्वालियर, मुरैना शामिल हैं। मालनपुर (भिंड) को भी आधुनिक अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। इन वाहनों से शहरी क्षेत्रों के साथ औद्योगिक इकाइयों में आग लगने की स्थिति में भी त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
कर्मचारियों को मिलेगी ट्रेनिंग
योजना के तहत अनुबंध होने के 10 महीने के भीतर वाहनों की आपूर्ति पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद 12वें महीने तक संबंधित नगरीय निकायों के अग्निशमन कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक संबंधित फायर स्टेशन पर कम से कम दो प्रायोगिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें वाहन संचालन, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग, रखरखाव और आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव कार्य करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। आधुनिक वाहन उपलब्ध कराने के साथ कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने की व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जरूरत पड़ने पर इन संसाधनों का प्रभावी तरीके से इस्तेमाल किया जा सके।
