सतना :सतना से हैदराबाद की ओर जा रही एक यात्री बस उस वक्त दुर्घटना का शिकार हो गई जब पीछे से ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी. इस घटना के कारण जहां एक यात्री की मौत हो गई वहीं 4 यात्री घायल हो गए. यात्री बस को सडक़ किनारे खड़ा कर उसका टायर बदला जा रहा था.प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की रात एक यात्री बस सतना से हैदराबाद जाने के लिए निकली थी. मैहर को पार करने के बाद बस जैसे ही कटनी रोड पर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर पहुंची वैसे ही उसके टायर में कुछ समस्या सामने आने लगी.
जिसे देखते हुए चालक ने बस को सडक़ किनारे रोक दिया और क्लीनर द्वारा टायर बदला जाने लगा. इसी दौरान देर रात उक्त मार्ग से गुजर रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने अचानक ही बस के पिछले हिस्से पर जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर होते ही यात्री बस में मौजूद यात्रियों के बीच चीख पुकार मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई. आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर जांच के दौरान एक यात्री को मृत घोषित कर दिया गया.
जिसकी पहचान शरद यादव उर्फ नत्थू पिता रामसोहावन निवासी लालपुर झरी मझगवां के तौर पर हुई. इस घटना की वजह से एनएच 30 पर यातायात कुछ देर के लिए बाधित हो गया. जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर खुलवाया. वहीं दूसरी ओर घटना के फौरन बाद ही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह तो गनीमत रही कि बस के खड़े होने की वजह से कुछ यात्री नीचे उतर गए थे, अन्यथा हताहतों की संख्या काफी बढ़ सकती थी. पुलिस द्वारा दुुर्घटना कारित करने वाले चालक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरु कर दी गई
