
इंदौर:अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी के कब्जे से तेज धारदार अवैध चाकू जब्त किए हैं. आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.मल्हारगंज पुलिस ने पीलियाखाल नाले के पास बड़ा गणपति क्षेत्र से 28 वर्षीय आशीष गोस्वामी निवासी सिद्धार्थ नगर को चाकू के साथ पकड़ा.
इसी थाना क्षेत्र में शारदा गर्ल्स परिसर के पास से कार्तिक उर्फ कारतूस निवासी इंदिरा नगर झुग्गी बस्ती को खटकेदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया. जबकि लसूड़िया पुलिस ने लसूड़िया मोरी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों से 35 वर्षीय मुकेश कुशवाह निवासी बापू गांधी नगर और 31 वर्षीय जितेंद्र खत्री को चाकू सहित दबोचा. इसी तरह चंदननगर पुलिस ने हरिहर नगर खाली मैदान से 20 वर्षीय मोहम्मद रिहान उर्फ केकड़ा निवासी चंदननगर को तेज धारदार छुरे के साथ गिरफ्तार किया.
वहीं द्वारकापुरी पुलिस ने अहिरखेड़ी रोड आकाश नगर पानी की टंकी के पास से 19 वर्षीय पियूष राठौर तथा ईंट भट्टे के पास अहिरखेड़ी क्षेत्र से 22 वर्षीय पवन राठौर को खटकेदार और स्प्रिंगदार चाकुओं के साथ पकड़ा है. सातों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है.
