चोटिल अनाहत एनएसडब्ल्यू स्क्वैश बेगा ओपन में रहीं उपविजेता

बेगा (ऑस्ट्रेलिया) 17 अगस्त (वार्ता) दूसरी वरीयता प्राप्त चोटिल भारतीय किशोरी अनाहत सिंह रविवार को एनएसडब्ल्यू स्क्वैश बेगा ओपन 2025 के महिला एकल वर्ग में रिटायर होकर उपविजेता रहीं।

आज यहां खेले गये फाइनल मुकाबले में अनाहत चोटिल होकर रिटायर हुई और उन्हें मिस्र की हबीबा हानी के खिलाफ 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। यह पहली बार है जब वह पीएसए कॉपर-स्तरीय प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रही है।

भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत ने पहला गेम 11-9 से जीतकर शानदार शुरुआत की, लेकिन हानी ने वापसी करते हुए अगले दो गेम अपने नाम कर लिए। चौथे गेम में 4-10 से पिछड़ने के बाद टखने की चोट से जूझ रही अनाहत को प्रतियोगिता से रिटायर होना पड़ा।

सेमीफाइनल में, दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी ने अपनी चोट से जूझते हुए मिस्र की नूर खफागी को 3-2 (10-12, 11-5, 11-5, 10-12, 11-7) से हराया।

अनाहत ने राउंड ऑफ 16 में ऑस्ट्रेलिया की सारा कार्डवेल को 3-0 (11-3, 11-3, 11-4) से हराने के बाद क्वार्टरफाइनल में दक्षिण अफ्रीका की हेले वार्ड को 3-0 (11-4, 11-9, 14-12) से हराया। इससे पहले उन्हें शुरुआती दौर में बाई मिली थी।

इस बीच, हबीबा हानी ने सेमीफाइनल में भारत की पाँचवीं वरीयता प्राप्त आकांक्षा सालुंखे को 3-1 (11-9, 7-11, 12-10, 11-6) से हराया था। एक अन्य भारतीय, तन्वी खन्ना, दूसरे दौर में बाहर हो गईं, जबकि रेमाश्री मुनियाडी पहले दौर में ही बाहर हो गईं।

उल्लेखनीय है कि अनाहत सिंह पिछले दो सालों से शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने जुलाई में मिस्र में आयोजित विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप 2025 में कांस्य पदक जीता था।

उन्होंने इस साल की शुरुआत में महिला और मिश्रित युगल में एशियाई सीनियर खिताब भी जीते और शिकागो में सीनियर विश्व चैंपियनशिप में पदार्पण किया। 2024 में, भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी ने आश्चर्यजनक रूप से नौ पीएसए चैलेंजर खिताब जीते और जनवरी में ब्रिटिश जूनियर ओपन अंडर-17 खिताब के साथ 2025 की शुरुआत की। वह एशियाई खेलों 2023 में भारत की कांस्य पदक विजेता महिला टीम का भी हिस्सा थीं।

Next Post

फांसी के फंदे से लटका मिला राजमिस्त्री 

Sun Aug 17 , 2025
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा गांव में एक 55 वर्षीय मकान मिस्त्री का शव उसके घर में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक के सिर पर चोट के निशान होने से परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की […]

You May Like