विदिशा: सागर पुलिया रेलवे पटरी पर 25 वर्षीय युवक शुभम मालवीय का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. शव की पहचान होने के बाद जीआरपी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हादसा है या फिर हत्या.परिजनों ने शुभम की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है.
मृतक के भाई सचिन ने पुलिस को एक वीडियो भी दिखाया है, जिसमें शुभम ने खुद पर खतरे की बात कही थी और कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया था. बताया गया कि मरने से एक दिन पहले शुभम ने अपने भाई को वीडियो कॉल कर कुछ नामों का जिक्र करते हुए कहा था कि उसकी जान को खतरा है.इस घटना के बाद परिजन और दोस्त आक्रोशित हैं.उन्होंने हत्या का मामला दर्ज करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.
चेतावनी दी गई है कि अगर जांच निष्पक्ष नहीं हुई तो वे चक्का जाम करेंगे.जीआरपी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी. वहीं, सिविल लाइन थाना प्रभारी विमलेश राय ने बताया कि मामला रेलवे पुलिस के अधिकार क्षेत्र का है. जीआरपी प्रधान आरक्षक सुनील सिंह चौहान ने बताया कि ट्रेन से मेमो मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों के बयान और पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
