पिकअप ने बाइक पर सवार परिवार को रौंदा, पिता- पुत्र की मौत, पत्नी और बेटी गंभीर घायल

सीहोर. जिला मुख्यालय के समीपस्थ बिलकिसगंज मार्ग स्थित ग्राम पिपलिया मीरा के समीप शनिवार की दोपहर एक पिकअप चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि इस लोमहर्षक हादसे में पिता और ढाई साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि महिला और आठ माह की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के श्यामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुख्तारनगर निवासी 25 वर्षीय शाहरूख आ. मजीद खां अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक क्रमांक एमपी 37 एमवाय 8898 से बिलकीसगंज मार्ग पर जा रहा था. बताया जाता है कि जैसे ही वह पिपलिया मीरा के समीप पहुंचा तभी सामने से आ रही बुलेरो पिकअप एमपी 09 जेडवाय 9734 के चालक ने वाहन को लापरवाही से चलाते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. नतीजतन हादसे में शाहरूख की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और ढाई साल का बालक ओवान व आठ माह की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने तुरंत घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से शाहरूख की पत्नी और बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर किया गया. बताया जाता है कि रास्ते में ढाई साल के मासूम ओवान ने भी दम तोड़ दिया.

खजूर से टकराकर रुकी पिकअप

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पिकअप का चालक काफी तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था. बाइक में टक्कर मारने के बाद भी पिकअप सड़क से उतर गई थी. गनीमत रही कि वह किनारे पर लगे खजूर के पेड़ से टकराकर रूक गई, अन्यथा गहरे गड्डे में गिर सकती थी. राहगीरों एवं स्थानीय ग्रामीण घायलों को अस्पताल भेजने में व्यस्त रहे. इस दौरान मौका पाकर पिकअप का चालक वहां से भागने में कामयाब हो गया. कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर पिकअप जब्त करते हुए आरोपी चालक की तलाश प्रारंभ कर दी है. इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्तारनगर से मृतक के परिजन व अन्य ग्रामीण भी जिला अस्पताल पहुंच गए थे.

Next Post

बुंदेलखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प

Sat Aug 16 , 2025
सागर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सागर और बुंदेलखंड के समग्र विकास के लिए कोई कसर नहीं छोडूंगा। सुरखी और बुंदेलखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए मैं संकल्पित हूं। आने वाला समय इस क्षेत्र के लिए नई समृद्धि और […]

You May Like