
इंदौर. भंवरकुआं थाना क्षेत्र में गणेश नगर स्थित शांति फार्म हाउस के एक हॉस्टल में चोरों ने धावा बोल दिया. अज्ञात बदमाश कमरे का ताला तोड़कर मोबाइल, लैपटॉप सहित अन्य कीमती सामान और नकदी पार कर ले गए.
29 वर्षीय अंशुल मिश्रा निवासी शांति फार्म हाउस, गणेश नगर, पिपल्याराव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 अगस्त की देर रात अज्ञात चोर उसके कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे. चोर रियलमी का मोबाइल सहित, ग्रे और पर्पल रंग का बाय जूस कंपनी का बैग, उसमें रखा कॉम्पेक कंपनी का लैपटॉप, की-बोर्ड, चार्जर, माउस और नकदी चोरी कर ले गए. घटना की जानकारी मिलते ही मकान मालिक शैलेष राठौर मौके पर पहुंचे. जांच में सामने आया कि हॉस्टल में रहने वाले अन्य युवकों योगेश और अमन के कमरों के ताले भी टूटे मिले. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य सुरागों के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
