नयी दिल्ली, 15 अगस्त (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता भारतीय निशानेबाज अभिनव बिंद्रा को इस सप्ताह की शुरुआत में नौ मानसिक स्वास्थ्य राजदूतों में शामिल किया है।
अभिनव बिंद्रा ने बीजिंग ओलंपिक 208 में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल निशानेबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था, वह लंबे समय से एथलीटों के मानसिक स्वास्थ्य के पक्षधर रहे हैं। वह कुछ साल पहले आईओसी मानसिक स्वास्थ्य कार्य समूह की स्थापना से ही इसके सदस्य रहे हैं।
आईओए ने इस बात पर बल दिया है कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और किसी भी एथलीट को अकेले चुनौतियों का सामना नहीं करना चाहिए।
अभिनव बिंद्रा जैसे मानसिक स्वास्थ्य राजदूतों का काम मानसिक स्वास्थ्य के बारे में खुली बातचीत को प्रोत्साहित करना और खेल के भीतर और उसके बाहर कल्याण को बढ़ावा देना है।
अभिनव बिंद्रा ने एथलीटों के लिए व्यापक मानसिक स्वास्थ्य सहायता प्रणालियों की आवश्यकता पर लगातार जोर दिया है। अपने अनुभवों के आधार पर, उन्होंने एथलीटों के मैदान पर और मैदान के बाहर, दोनों जगह बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय उपायों, शिक्षा और सुलभ संसाधनों की वकालत की है।
