
ग्वालियर। दिल्ली में आज आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ग्वालियर के नवयुवक कृष्णा अग्रवाल को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। पूरे मध्य प्रदेश में से केवल 2 स्वयंसेवकों का चयन हुआ था, जिसमें एक नाम कृष्णा अग्रवाल का है। उनके साथ उनके पिता मनीष अग्रवाल भी समारोह में शामिल हुए। ग्वालियर निवासी कृष्णा अग्रवाल का चयन भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा किया गया। यह सम्मान उनके सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए दिया गया है। वे माधव प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान, ग्वालियर से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सक्रिय स्वयंसेवक के रूप में उनका योगदान सराहनीय रहा है।
