
भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने आज भोपाल स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में भोपाल पुलिस कमिश्नरेट और भोपाल देहात जोन के अंतर्गत आने वाले जिलों भोपाल देहात, राजगढ़, सीहोर और विदिशा के अधिकारियों ने भी शिरकत की।
बैठक के दौरान विगत वर्षों में घटित अपराधों, लंबित प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों की जिलेवार एवं जोनवार विस्तार से समीक्षा की गई। इसके साथ ही अपराधों के समयबद्ध निराकरण, महिला सुरक्षा, पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार, आमजन से बेहतर समन्वय स्थापित करने, तथा आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र, आईजी देहात अभय सिंह, एडिशनल कमिश्नर अवधेश गोस्वामी, एडिशनल कमिश्नर पंकज श्रीवास्तव, डीआईजी देहात ओमप्रकाश त्रिपाठी समेत समस्त पुलिस उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्रोफेशनल एवं जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
