न्यूजीलैंड ने जिम्बाब्वे को 60 रनों से हराया

हरारे (वार्ता) टिम सीफर्ट (75) और रचिन रविंद्र (63) की आतिशी अर्धशतकीय पारियों के बाद ईश सोढ़ी (12 रन देकर चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने गुरुवार को त्रिकोणीय श्रृंखला के छठे मुकाबले में जिम्बाब्वे को 60 रनों से हरा दिया। शनिवार को फाइनल में न्यूजीलैंड का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका के साथ होगा।

191 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही। डिओन मेयर्स और ब्रायन बेनेट की सलामी जाेड़ी ने पहले विकेट लिये 21 रन जोड़े। तीसरे ओवर में सोढ़ी ने ब्रायन बेनेट (एक) को आउट कर न्यूजीलैंड को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद सोढ़ी ने क्लाइव मडांडे (दो), डिओन मेयर्स (22) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया।

कप्तान सिकंदर रजा (नौ) को मैट हेनरी ने पगबाधा और रायन बर्ल (पांच) माइकल ब्रेसवेल ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया। इसके बाद टोनी मुनयोंगा और ताशिंगा मुसेकिवा जिम्बाब्वे की पारी को संभालते हुए 95 के स्कोर तक ले गये। 14वें ओवर में सोढ़ी ने टोनी मुनयोंगा 30 गेंदो में (40) को आउट कर जिम्बाब्वे की उम्मीदों को झटका दिया।वेलिंग्टन मसाकाट्जा (दो) और ताशिंगा मुसेकिवा (21) रन बनाकर आउट हुये। न्यूजीलैंड ने 18.5 ओवर में जिम्बाब्वे को 130 के स्कोर पर समेट कर 60 रनों से मुकाबला जीत लिया।

न्यूजीलैंड की ओर से ईश सोढ़ी ने 12 रन देकर चार विकेट लिये। मैट हेनरी को दो विकेट मिले। जैकरी फॉक्स , विलियम ओरूर्क और माइकल ब्रेसवेल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में टिम रॉबिंसन (10) का विकेट गंवा दिया। उन्हें रिचर्ड एन्गरावा ने आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये रचिन रविंद्र ने टिम सीफर्ट के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 108 रनों की साझेदारी हुई।

टी मपोसा ने 14वें ओवर में रचिन रविंद्र को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। रचिन रविंद्र ने 39 गेंदों में सात चौके और दो छक्के लगाते हुए (63) रन बनाये। इसी ओवर में मपोसा ने मार्क चैपमैन (शून्य) को भी आउटकर पवेलियन भेज दिया। न्यूजीलैंड का चौथा विकेट टिम सीफर्ट के रूप में 153 के स्कोर पर गिरा। टिम सीफर्ट ने 45 गेंदों में नौ चौके और एक छक्का लगाते हुए (75) रनों की पारी खेली। उन्हें रिचर्ड एन्गरावा ने आउट किया।

बेवन जैकब्स (शून्य) और कप्तान मिचेल सैंटनर (सात) को रिचर्ड एन्गरावा ने अपना शिकार बनाया। न्यूजीलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 190 रन का स्कोर खड़ा किया। जिम्बाब्वे की ओर से रिचर्ड एन्गरावा ने 34 रन देकर चार विकेट लिये। टी मपोसा को दो विकेट मिले।

 

Next Post

मोदी ने किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की, 'एक पेड़ माँ के नाम' कार्यक्रम के तहत पौधा भेंट किया

Fri Jul 25 , 2025
लंदन/नयी दिल्ली (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ब्रिटिश राजघराने के ग्रीष्मकालीन निवास सैंड्रिंघम एस्टेट में किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की। श्री मोदी ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा , “महामहिम किंग चार्ल्स तृतीय के साथ बहुत अच्छी बैठक हुई। हमने भारत-ब्रिटेन संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर […]

You May Like