मोदी ने किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम के तहत पौधा भेंट किया

लंदन/नयी दिल्ली (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ब्रिटिश राजघराने के ग्रीष्मकालीन निवास सैंड्रिंघम एस्टेट में किंग चार्ल्स तृतीय से मुलाकात की।

श्री मोदी ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा , “महामहिम किंग चार्ल्स तृतीय के साथ बहुत अच्छी बैठक हुई। हमने भारत-ब्रिटेन संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की, जिसमें सीईटीए और विज़न 2035 के मद्देनजर व्यापार और निवेश की प्रगति भी शामिल है। चर्चा के अन्य विषयों में शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण, विशेष रूप से योग और आयुर्वेद शामिल थे। हमने पर्यावरण संरक्षण और स्थिरता पर भी बात की।”

प्रधानमंत्री ने ब्रिटिश राजघराने को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पहल के तहत लगाए जाने वाला पौधा भेंट किया।

बैठक के विवरण में कहा गया , “प्रधानमंत्री ने महामहिम के स्वास्थ्य में सुधार और उनके शाही कर्तव्यों को फिर से शुरू करने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। दोनों ने आयुर्वेद और योग सहित स्वास्थ्य और सतत जीवन से जुड़े मुद्दों और दुनिया भर के लोगों तक इनके लाभों को पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों हस्तियों ने द्विपक्षीय संबंधों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर से साझेदारी को नयी गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने महामहिम को सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में भारत द्वारा की गई प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन और स्थिरता के संबंध में अपने साझा दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और सहयोग करने के तरीकों पर भी चर्चा की।

प्रधानमंत्री और महामहिम ने उन तरीकों पर भी चर्चा की जिनसे यूके और भारत राष्ट्रमंडल में मिलकर काम कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री ने हरित अभियान – ‘एक पेड़ माँ के नाम’ (माँ के लिए एक पौधा) में शामिल होने के लिए महामहिम का धन्यवाद किया और एक पौधा सौंपा, जिसे आगामी शरद ऋतु के रोपण सत्र के दौरान सैंड्रिंघम एस्टेट में लगाया जाएगा।

उन्होंने महामहिम के आतिथ्य के लिए उनका धन्यवाद किया और उन्हें भारत की राजकीय यात्रा पर आने का निमंत्रण दिया।

Next Post

राशिफल-पंचांग : 25 जुलाई 2025

Fri Jul 25 , 2025
पंचांग 25 जुलाई 2025:- रा.मि. 03 संवत् 2082 श्रावण शुक्ल प्रतिपदा भृगुवासरे रात 11/38, पुष्य नक्षत्रे शाम 5/12, वज्र योगे दिन 9/23, किंस्तुघ्न करणे सू.उ. 5/21 सू.अ. 6/39, चन्द्रचार कर्क, शु.रा. 4,6,7,10,11,2 अ.रा. 5,8,9,12,1,3 शुभांक- 6,8,2. ————————————————- आज जिनका जन्म दिन है- उनका आगामी वर्ष: शुक्रवार 25 जुलाई 2025 वर्ष […]

You May Like