
मोहन बड़ोदिया। मोहन बड़ोदिया क्षेत्र में शादी के महज तीन दिन बाद नवविवाहिता के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है. घटना के बाद पति ने पत्नी की गुमशुदगी के साथ.साथ धोखाधड़ी की आशंका भी जताई है. मामले की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच में जुट गई है. जानकारी के अनुसार ग्राम डुंगरी निवासी रामनिवास ने मोहन बड़ोदिया पुलिस थाना में दिए शिकायती आवेदन में बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता है. उसकी शादी हाल ही में 21 वर्षीय नंदनी बाई के साथ शाजापुर कोर्ट मैरिज के माध्यम से हुई थी. महिला महाराष्ट्र के नाचणगांव रोड पुलगांव, तहसील देवली, जिला वर्धा की रहने वाली बताई गई है.रामनिवास ने बताया कि 15 मई को वह अपनी पत्नी नंदनी और छोटे भाई जगदीश के साथ बैजनाथ मंदिर आगर दर्शन करने गया था. मंदिर परिसर में दर्शन के दौरान नंदनी ने बाथरूम जाने की बात कही और वहां से चली गई. काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो रामनिवास और उसके भाई ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला. इसके बाद परेशान पति ने मामले की लिखित शिकायत आगर पुलिस थाना में भी दर्ज कराई. पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है. मीडिया से चर्चा करते हुए रामनिवास ने बताया कि उसकी शादी दोनों की सहमति से कराई गई थी. उसने आरोप लगाया कि शादी कराने वाले एक बिचौलिए भूरा भाई को उसने करीब 1 लाख 10 हजार रुपये दिए थे. युवक का कहना है कि शादी के केवल तीन दिन बाद पत्नी का इस तरह अचानक गायब हो जाना कई सवाल खड़े करता है. उसे शंका है कि कहीं यह पूरा मामला शादी के नाम पर धोखाधड़ी का तो नहीं है. फिलहाल पुलिस महिला की तलाश के साथ साथ पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है. वहीं क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.
