परीक्षा रद्द हुई, लेकिन नहीं डिगा आत्मविश्वास मेहनत लाई रंग

इंदौर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने गुरुवार देर रात नीट यूजी 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष देशभर से करीब 20 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 11.21 लाख अभ्यर्थी मेडिकल, डेंटल, आयुष एवं अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्र घोषित किए गए हैं।

 

इंदौर जिले में 57 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। जिले में कुल 23,089 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 20,882 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस प्रकार जिले में लगभग 90 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि दो हजार से अधिक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

इस वर्ष इंदौर के आराध्य गर्ग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 110 हासिल की है। जनरल कैटेगरी में उनकी रैंक 85 रही। उन्होंने 720 में से 690 अंक प्राप्त कर शहर में पहला स्थान हासिल किया।

 

पेपर लीक के बाद दोबारा हुई परीक्षा

 

गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद निरस्त कर दी गई थी, जिसके बाद दोबारा परीक्षा आयोजित की गई। मध्यप्रदेश से इस वर्ष लगभग 1.18 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। राज्य के 30 जिलों में 283 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

 

योग और मेडिटेशन बने सफलता की कुंजी

 

आराध्य के पिता योगी मनोज गर्ग योग विशेषज्ञ हैं। उन्होंने बताया कि तैयारी के दौरान तनाव कम करने और एकाग्रता बढ़ाने के लिए आराध्य नियमित रूप से मेडिटेशन करते थे। आराध्य कोचिंग संस्थान के टॉप मेरिट बैच का हिस्सा रहे, जहां उन्हें विशेष शैक्षणिक मार्गदर्शन मिला।

आराध्य ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, अनुशासित अध्ययन और मानसिक संतुलन को दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी में मानसिक रूप से शांत रहना सबसे महत्वपूर्ण है। तनाव नियंत्रित करने के लिए वे प्रतिदिन रात को पिता के साथ मेडिटेशन करते थे, जिससे आत्मविश्वास और एकाग्रता बनी रही।

उन्होंने बताया कि कोचिंग के अलावा अंतिम महीने में प्रतिदिन 6 से 7 घंटे सेल्फ स्टडी की। उनके अनुसार, स्वयं किया गया रिवीजन और कॉन्सेप्ट की गहरी समझ ही सफलता की असली कुंजी है। परीक्षा निरस्त होने के बाद भी उन्होंने घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखा और अपनी पुरानी रणनीति पर भरोसा कायम रखा।

आराध्य ने कहा कि उनका लक्ष्य एक कुशल डॉक्टर बनकर समाजसेवा करना है और अब उनका पूरा ध्यान एमबीबीएस की पढ़ाई पर केंद्रित है।

 

अंशुमान रहांगडाले ने भी किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

 

इंदौर के अंशुमान रहांगडाले ने भी NEET-UG 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 720 में से 680 अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 314 हासिल की।

अंशुमान के पिता ने बताया कि वह शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने खेलों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई है और ब्लैक बेल्ट प्राप्त कर चुके हैं। परिवार ने शुरुआती दौर से ही उन्हें मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित किया, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।

Next Post

आवारा कुत्तों का किया जाये टीकाकरण या नसबंदी

Fri Jul 17 , 2026
जबलपुर। हाईकोर्ट के कार्यवाहक चीफ जस्टिस विवेक रूसिया तथा जस्टिस प्रदीप मित्तल की युगलपीठ ने प्रदेश सरकार के नगरीय निकाय तथा गृह विभाग को आवारा कुत्तों का टीकाकरण व नसबंदी करने के निर्देश दिये है। युगलपीठ ने कार्यवाही के संबंध में स्टेटस रिपोर्ट पेष करने के आदेश देते हुए अगली […]

You May Like

Play sound