
नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नीमच जिले के मनासा क्षेत्र में एक बाइक सवार युवक को 3 किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपए आंकी जा रही है। मंगलवार रात जारी प्रेस नोट में सीबीएन ने बताया कि उन्हें सटीक सूचना मिली थी। इनपुट के अनुसार, एक तस्कर एमपी पासिंग बाइक से अफीम की बड़ी खेप लेकर किसी अन्य तस्कर को सप्लाई करने निकलने वाला था।
तलाशी लेने पर युवक के पास से 3 किलो अफीम बरामद
सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीबीएन नीमच- और की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। इस टीम ने मनासा-दुर्गापुरा रोड पर डीबीएल वॉटर सप्लाई प्रोजेक्ट कैंप (ग्राम बर्डिया) के पास अपनी पोजीशन ली और नाकाबंदी की। दोपहर के समय जब संदिग्ध बाइक आती दिखी, तो टीम ने उसे रुकवाया। तलाशी लेने पर युवक के पास से 3 किलो अफीम बरामद हुई। अधिकारियों ने तुरंत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत अफीम और बाइक को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी से नेटवर्क के बारे में पूछताछ जारी
आरोपी से उसके नेटवर्क के बारे में पूछताछ जारी है कि वह यह माल किसे सप्लाई करने जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि वे आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रहे हैं ताकि इस नेटवर्क में शामिल अन्य बड़े नामों का पता लगाया जा सके। जल्द ही कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
