भोपाल: राजधानी में नल जल योजना के काम पूरे न होने से नाराज होकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट अन्य सदस्यों विनय मेहर, चंद्रेश राजपूत, देवकुवर हाड़ा समेत सुरेश राजपूत, अनिल हाड़ा और विनोद राजोरिया के साथ भूख हड़ताल पर बैठ गए, उन्होंने 4 दिन पहले भोपाल के कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को ज्ञापन देकर भोपाल के आसपास के गांव के रहवासियों की परेशानी का मुद्दा उठाया था। इसके बाद जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट ने जिला कलेक्टर को इस सम्बन्ध में पत्र भी लिखा था.
कलेक्टर को पत्र लिखते ही सीईओ ईला तिवारी ने नल जल योजना की रिपोर्ट मांगी थी, जिसके बाद उनके द्वारा जनपद पंचायत बैरसिया अंतर्गत स्वीकृत, हस्तांतरित, ट्रायलरन, और फंदा की चल रही नल-जल योजना के निरिक्षण के लिए जांच की टीम बनाई थी. इस टीम में पीएचई, जनपद के इंजीनियर, सचिव, रोजगार सहायक शामिल किए गए, जो जिला पंचायत के सभी सदस्य को अवगत कराते हुए निरीक्षण/जांच करेंगे। यह रिपोर्ट भी गुरुवार को ही पेश कर दी जाएगी।
इन गावों में है पानी की परेशानी
वर्तमान में खजूरी, गुनगा, कनेरा, शाहपुरा, देवपुरा, गोलखेड़ी, कोठार, चंदेरी, दुपडिय़ा, कालापीपल, बागापुरा, तारा सेवनिया, आचारपुरा, करारिया, सेमरीखुर्द, खितवास, चाचाहेड़ी, गोंदीपुरा, परवलिया, बरेलाखेड़ा, लहारपुरा समेत कई पंचायतों में लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं।
