बुची बाबू टूर्नामेंट खेलेंगे पृथ्वी शॉ और ऋतुराज गायकवाड़

मुंबई, (वार्ता) पृथ्वी शॉ ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट के लिए महाराष्ट्र की टीम से खेलने का फैसला किया था और इसके लिए उन्हें मुंबई की टीम की तरफ से एनओसी भी मिल गया था। अब उन्हें आठ अगस्त से नौ सितंबर तक चेन्नई में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया बुची बाबू इनविटेशनल टूर्नामेंट में महाराष्ट्र की 17 सदस्यीय टीम में चयनित किया गया है।

जुलाई में शॉ ने मुंबई की टीम को छोड़कर महाराष्ट्र की टीम में शामिल होने का फैसला लिया था। महाराष्ट्र की तरफ से यह उनका पहला टूर्नामेंट होगा। गौरतलब है कि 2024-25 के सीजन में शॉ को खराब फिटटनेस और अनुशासन की कमी के चलते मुंबई की रणजी टीम से बाहर किया गया था।

इस टूर्नामेंट की महाराष्ट्र की कप्तानी अंकित बावने करेंगे। 17 सदस्यीय टीम में ऋतुराज गायकवाड़ को भी चुना गया है। गायकवाड़ आईपीएल 2025 में चोटिल हो गए थे और उस कारण से उन्हें टूर्नामेंट के बीच में ही बाहर होना पड़ा था। उस चोट के बाद यह उनका पहला टूर्नामेंट होगा। इसके अलावा उन्होंने इंग्लैंड में भारत की टेस्ट सीरीज से पहले इंडिया ए के लिए एक इंट्रा-स्क्वाड वार्म-अप मैच में भी हिस्सा लिया था।

हालांकि ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि गायकवाड़ और विकेटकीपर सौरभ नवाले, इस टूर्नामेंट में महाराष्ट्र की तरफ से पहला मैच खेलने के बाद बेंगलुरु में होने वाली दलीप ट्रॉफ़ी के लिए वेस्ट जोन टीम से जुड़ सकते हैं। वेस्ट जोन की टीम दलीप ट्रॉफी में सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी है। उनका पहला मैच चार सितंबर को खेला जाएगा।

आयुष म्हात्रे को मिली बड़ी ज़िम्मेदारी

हाल ही में भारतीय अंडर 19 टीम के इंग्लैंड दौरे पर आयुष म्हात्रे ने कप्तानी की थी। अब उन्हें बुची बाबू टूर्नामेंट में मुंबई की टीम की कमान सौंपी गई है। 18 वर्षीय म्हात्रे ने आईपीएल 2025 में शानदार प्रदर्शन किया था। उस दौरान वह चोटिल गायकवाड़ की जगह पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में शामिल किया गया था। इंग्लैंड में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा था, जहां उन्होंने अंडर-19 टेस्ट में चार पारियों में 340 रन बनाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।

बुची बाबू टूर्नामेंट के लिए मुंबई की टीम में सरफराज खान और उनके भाई मुशीर भी शिरकत करेंगे। मुशीर पिछले साल सितंबर में एक सड़क हादसे का शिकार हुए थे, जिसमें उनकी गर्दन में चोट आई थी। इस कारण से वह मुंबई के लिए घरेलू सीजन में हिस्सा नहीं ले पाए थे। इस चोट के बाद उन्होंनेआईपीएल में वापसी की थी, जहां उन्होंने क्वालिफ़ायर 1 हिस्सा लिया था, जहां उनकी टीम का हार का सामना करना पड़ा था।

महाराष्ट्र : अंकित बावने (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, पृथ्वी शॉ, सिद्धेश वीर, सचिन धास, अर्शिन कुलकर्णी, हर्षल काटे, सिद्धार्थ म्हात्रे, सौरभ नवाले (विकेटकीपर), मंदार भंडारी (विकेटकीपर), रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी, प्रदीप डाढे, विक्की ओस्तवाल, हितेश वलुंज, प्रशांत सोलंकी, राजवर्धन हंगरगेकर।

मुंबई: आयुष म्हात्रे (कप्तान), मुशीर ख़ान, दिव्यांश सक्सेना, सरफ़राज खान, सुवेद पारकर (उपकप्तान), प्रज्ञानेश कंपीलेवर, हर्ष आघव, सैराज पाटिल, आकाश पारकर, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर), श्रेयस गुरव, यश दीचोलकर, हिमांशु सिंह, रॉस्टन डायस, सिल्वेस्टर डिसूजा, इरफान उमैर

 

Next Post

स्वतंत्रता दिवस मुख्य समारोह आरएपीटीसी मैदान पर

Fri Aug 15 , 2025
इंदौर: स्वतंत्रता दिवस पर शहर के विभिन्न सरकारी दफ्तरों में स्कूलों में झंडावंदन होगा. मुख्य कार्यक्रम आरएपीटीसी पुलिस मैदान पर होगा. कलेक्टर परेड की सलामी लेंगे. कई सालों बाद ऐसा मौका आया है कि स्वतंत्रता दिवस पर बिना जनप्रतिनिधि के एक प्रशासकीय अधिकारी परेड की सलामी लेंगे और ध्वजारोहण करेंगे. […]

You May Like