इंदौर: स्वतंत्रता दिवस पर शहर के विभिन्न सरकारी दफ्तरों में स्कूलों में झंडावंदन होगा. मुख्य कार्यक्रम आरएपीटीसी पुलिस मैदान पर होगा. कलेक्टर परेड की सलामी लेंगे. कई सालों बाद ऐसा मौका आया है कि स्वतंत्रता दिवस पर बिना जनप्रतिनिधि के एक प्रशासकीय अधिकारी परेड की सलामी लेंगे और ध्वजारोहण करेंगे.
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 8 बजे संभागायुक्त दीपक सिंह मोती बंगला कार्यालय पर झंडावंदन करेंगे और सम्मान समारोह में भाग लेंगे.
इसी तरह कलेक्टर आशीष सिंह सुबह 8.30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में और उसके बाद सुबह 9 बजे स्वतंत्रता दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे. स्वतंत्रता दिवस का मुख्य सम्मान समारोह और परेड आरएपीटीसी पुलिस ग्राउंड पर आयोजित होगा.
कलेक्टर आशीष सिंह सलामी लेंगे. उसके बाद ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और फिर आयोजित सम्मान समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे. नगर निगम परिसर में महापौर पुष्यमित्र भार्गव और आयुक्त शिवम वर्मा सुबह 8 बजे झंडावंदन करेंगे. आईडीए में सीईओ रामप्रकाश अहिरवार सुबह 9 बजे झंडावंदन समारोह में भाग लेंगे.
जनता से सहभागिता की अपील
कलेक्टर आशीष सिंह ने इंदौर जिले के नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी हैं. कलेक्टर सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व हमारे लिए बहुत खास है. जिस तरह से इंदौर लगातार कई मामलों में नंबर वन है, उसी तरह हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान में भी नंबर वन बने, इसके लिए कलेक्टर ने इंदौर की जनता से सक्रिय सहभागिता की अपील की है.
