इंदौर: स्वदेशी जागरण मंच ने विभिन्न व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के सहयोग से अगस्त क्रांति की स्मृति में रैली का आयोजन किया, जिसमें विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संदेश दिया गया. स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलंबन अभियान के तहत विदेशी कंपनियां भारत छोड़ो के नारे के साथ यह रैली बड़ा गणपति से राजवाड़ा स्थित माँ अहिल्याबाई की प्रतिमा तक निकाली गई.
रैली में स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को आत्मनिर्भर भारत की कुंजी बताते हुए कहा गया कि विदेशी वस्तुओं का मोह त्यागने से देश के उद्योग-व्यवसाय को बल मिलेगा और आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित होगी. आयोजकों ने आमजन को समझाया कि यदि हम स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देंगे तो विदेशी दबदबा, विशेषकर अमेरिका जैसे देशों की आर्थिक तानाशाही, समाप्त हो जाएगी.
रैली के समापन पर राजवाड़ा स्थित अहिल्या उद्यान में माँ अहिल्याबाई को पुष्पहार अर्पित कर स्वदेशी वस्तुएं, पहनावा और संस्कृति अपनाने की शपथ दिलाई गई. कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश मेहता ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जन-जन को विदेशी और स्वदेशी वस्तुओं की पहचान कराना है. इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के महावीर जैन, विशाल पुरोहित, डॉ. सुरेश चौपड़ा सहित अनेक पदाधिकारी, स्कूली बच्चे और मातृशक्तियां शामिल रहीं.
