मुंबई, (वार्ता) अमेजन एमजीएम स्टूडियोज इंडिया और ज़ी म्यूजिक ने आज अपनी आने वाली फिल्म निशानची का पहला गाना ‘डियर कंट्री’ रिलीज कर दिया है।
गाना डियर कंट्री को ध्रुव घाणेकर ने बनाया है, विजय लाल यादव ने गाया है, और प्यारे लाल देवनाथ यादव ने इस लिखा है।
‘डियर कंट्री’ गाना बनाने के अपने अनुभव को बताते हुए, ध्रुव घाणेकर ने कहा, “हमारी सोच आसान नही थी, जैसे ही आप इसे सुनो, गांव की बात समझ आ जाए। हमने पुरानी धुन से शुरुआत की, फिर उसमें देसी और टूटी-फूटी अंग्रेज़ी वाले बोल जोड़े, जो छोटे शहरों की बातों जैसे सीधे दिल से निकलते हैं। मुझे पूरी आज़ादी मिली कि मैं निशानची की कहानी की मस्ती और दिल को मिलाकर गाना बना सकूं। अनुराग की फिल्मों का हमेशा अलग सा संगीत होता है, इसलिए मैं कुछ नया और अलग करना चाहता था। ‘डियर कंट्री’ मज़ेदार, थोड़ा हटकर, जड़ों से जुड़ा और बिलकुल असली लगता है।”
अनुराग कश्यप ने फिल्म निशानची को निर्देशित किया है। इस फिल्म को अजाय राय और रंजन सिंह ने जार पिक्चर्स और फ्लिप फिल्म्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म की कहानी प्रसून मिश्रा, रंजन चंदेल और अनुराग कश्यप ने लिखी है। यह फिल्म दो भाइयों के मुश्किल रिश्ते की कहानी है, जो अलग-अलग रास्ते चलते हैं और उनके फैसले उनकी ज़िंदगी कैसे बदलते हैं, यह दिखाती है। फिल्म में नए कलाकार ऐश्वर्य ठाकरे दो अहम रोल में हैं, साथ ही वेदिका पिंटो, मोनिका पंवार, मोहम्मद ज़ीशान अय्यूब और कुमुद मिश्रा भी मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म 19 सितंबर को पूरे देश के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
