कांग्रेस बिहार में हार से पहले कर रही फेस सेविंग : विश्वास सारंग

भोपाल, 13 अगस्त (वार्ता) मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शुरू से ही देश के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करती रही है और अब बिहार चुनाव में संभावित हार से पहले ‘फेस सेविंग’ की कोशिश कर रही है।
श्री सारंग ने कहा कि आज़ादी के बाद से जब-जब कांग्रेस और नेहरू परिवार की सरकारें सत्ता में आईं, उन्होंने लोकतंत्र का दुरुपयोग किया। 1952 में पंडित नेहरू ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को चुनाव हराने के लिए साजिश रची और उनके 74,433 वोट खारिज कराए गए जबकि वे केवल 14,561 वोटों से हारे थे। आपातकाल सहित कई मौकों पर कांग्रेस ने लोकतांत्रिक मूल्यों को नुकसान पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 90 से अधिक चुनाव हार चुकी है और अब अपनी हार का ठीकरा कभी ईवीएम, तो कभी चुनाव आयोग पर फोड़ रही है। बिहार चुनाव में भी कांग्रेस को हार निश्चित दिख रही है, इसलिए मतदाता सूची पर सवाल उठाकर ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।
श्री सारंग ने कहा, “सिर्फ गांधी सरनेम लगाने से काम नहीं चलेगा, नीयत भी नेक होनी चाहिए।” उन्होंने सवाल उठाया कि अगर चुनाव प्रक्रिया में खामी होती तो कांग्रेस जिन राज्यों में सत्ता में है, वहां सरकार कैसे बना पाती? उन्होंने बताया कि कांग्रेस के ही कर्नाटक के सहकारिता मंत्री राजन्ना ने अपनी ही सरकार पर मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाया जिसके बाद उन्हें बर्खास्त कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और श्री राहुल गांधी देश को बदनाम करने की ‘सुपारी’ लेकर राजनीति कर रहे हैं, ठीक वैसे जैसे अर्बन नक्सली व्यवस्था के खिलाफ असंतोष फैलाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी चुनाव आयोग या अदालत में औपचारिक शिकायत नहीं की, केवल मीडिया में बयानबाजी की है।
उन्होंने कहा कि जब-जब भारत का मान-सम्मान बढ़ता है, कांग्रेस और श्री राहुल गांधी देश की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हैं, चाहे वह सर्जिकल स्ट्राइक हो, एयर स्ट्राइक हो या हाल का ऑपरेशन सिंदूर। अब 15 अगस्त के मौके पर जब देश तिरंगामय हो रहा है, तब भी विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रहा है।
श्री सारंग ने दावा किया कि जनता का भविष्य केवल भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। कांग्रेस को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि अपनी नीति, नीयत और नेतृत्व को सुधारें, वरना जनता के बीच पैठ बनाना नामुमकिन है।

Next Post

15 अगस्त को अनमोल सिनेमा, ज़ी एक्शन और अनमोल सिनेमा 2 पर प्रसारित होगी देशभक्ति से भरपूर सुपरहिट फ़िल्में

Wed Aug 13 , 2025
मुंबई, 13 अगस्त (वार्ता) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को अनमोल सिनेमा, ज़ी एक्शन और अनमोल सिनेमा 2 पर पूरे दिन देशभक्ति से भरपूर, एक्शन से लबरेज़ सुपरहिट फ़िल्में प्रदर्शित होगी। अनमोल सिनेमा पर ‘हिंदुस्तान मेरी जान’ मैराथन सुबह सूरज निकलने से लेकर रात तक लोगों के दिल […]

You May Like