नयी दिल्ली 13 अगस्त (वार्ता) भारतीय स्टार बैंडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन इस महीने के आखिर में पेरिस में होने वाली बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2025 में अपने-अपने शुरुआती दौर के मैचों में जूनियर यूरोपीय चैंपियन बुल्गारिया की कालोयाना नलबंतोवा तथा चीन के शी युकी से भिड़ेंगे।
25 से 31 अगस्त के बीच पेरिस में होने वाली बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप 2025 के ड्रॉ की बुधवार को घोषणा की गई।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और महिला एकल रैंकिंग में 15वें स्थान काबिज पी वी सिंधु अपने शुरुआती दौर के मैच में विश्व की 66वें नंबर की खिलाड़ी और दो बार की यूरोपीय जूनियर चैंपियन बुल्गारिया की कालोयाना नलबंतोवा से भिड़ेंगी।
पुरुष एकल बैडमिंटन रैंकिंग में 21वें स्थान पर काबिज लक्ष्य सेन को शुरुआती दौर में दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी चीन के शी युकी के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।
पुरुष एकल ड्रॉ में शामिल अन्य भारतीय, विश्व रैंकिंग में 34वें स्थान पर काबिज एचएस प्रणय, फिनलैंड के जोआकिम ओल्डॉर्फ से भिड़ेंगे। एचएस प्रणय 2023 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता हैं।
भारत की शीर्ष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पहले दौर में बाई मिली है, जबकि हरिहरन अम्साकरुनन और रूबेन कुमार का सामना चीनी ताइपे की जोड़ी लियू कुआंग हेंग और यांग पो हान से होगा।
हरिहरन अम्साकरुनन-रूबेन कुमार और लियू कुआंग हेंग-यांग पो हान के बीच होने वाले मैच के विजेता का दूसरे दौर में सात्विक-चिराग से मुकाबला होगा।
महिला युगल ड्रॉ में ऋतुपर्णा पांडा और श्वेतपर्णा पांडा का मुकाबला बुल्गारिया की गैब्रिएला स्टोएवा और स्टेफनी स्टोएवा से होगा, जबकि प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा का सामना पहले दौर में फ्रांसीसी जोड़ी मार्गोट लैम्बर्ट और कैमिली पोग्नांटे से होगा।
दुनिया के 17वें नंबर के ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो को मिश्रित युगल वर्ग में पहले दौर में बाई मिली है।
मिश्रित युगल में भारत की ओर से रोहन कपूर और रुतविका गड्डे की जोड़ी का मुकाबला मकाऊ चीन के एनजी वेंग ची और लियोंग इओक चोंग से होगा।

