नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रसारण मंत्रालय के निदेशक निर्मोद कुमार ने बुधवार को कहा कि पिछले 10 साल में देश के मोबाइल फोन उद्योग का आकार 27 गुना हो गया है और आने वाले पाँच-छह साल में यह औसतन 30 से 35 प्रतिशत सालाना की दर से बढ़ेगा।
श्री कुमार ने यहाँ दूरसंचार क्षेत्र की विनिर्माण कंपनी ऑप्टिमस इंफ्राकॉम के एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि पिछले एक दशक में देश के इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की औसत विकास दर 20 प्रतिशत सालाना रही है। इस दौरान मोबाइल फोन उद्योग में जबरदस्त तेजी दर्ज की गयी और इसका आकार 27 गुना हो गया। वहीं, मोबाइल निर्यात 120 गुना बढ़ा जो यह दिखाता है कि इस क्षेत्र में किस गति से प्रगति हुई है।
उन्होंने कहा कि अगले पाँच-छह साल में मोबाइल उद्योग में 30 से 35 प्रतिशत औसत वार्षिक विकास दर की रफ्तार से बढ़ने की संभावना है।
इंडिया सेलुलर एंड इलेक्ट्रॉनिक्स एसोसिएशन (आईसीईए) के अध्यक्ष पंकज मोहिंद्रू ने कहा कि अब तक भारतीय कंपनियों ने अमेरिकी बाजार को ध्यान में रखकर सारी योजनाएँ बनाई, अब इसमें बदलाव लाने और नये सिरे से सोचने की जरूरत है।
कार्यक्रम के दौरान ऑप्टिमस ने देश का पहला एंटी-माइक्रोबियल बीआईएस स्टैंडर्ड ‘राइनोटेक’ टेंपर्ड ग्लास पेश किया जिसे सितंबर में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में बाजार में उतारा जायेगा। यह शुरुआत में सिर्फ प्रीमियम स्मार्टफोन मॉडल के लिए उपलब्ध होगा।

