
भोपाल।बरकतउल्ला विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार को राज्य स्तरीय राष्ट्रीय सेवा योजना पुरस्कार/प्रशस्ति वितरण समारोह आयोजित हुआ. ज्ञान विज्ञान भवन परिसर में आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने पुरस्कार वितरित किए. कार्यक्रम में सभी पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पदक देकर सम्मानित किया गया. राष्ट्रीय सेवा योजना को मध्यप्रदेश में संचालित करने वाले सभी सातों विश्वविद्यालयों के कार्यक्रम समन्वयक कार्यक्रम में उपस्थित रहे.
मंत्री परमार ने इस मौके पर कहा कि विश्व बंधुत्व की भावना ही भारत का दृष्टिकोण रही है— “वसुधैव कुटुंबकम” भारतीय परंपरा का ध्येय मंत्र है. कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने की. अपर मुख्य सचिव ने कार्यक्रम में युवा पीढ़ी को राष्ट्र का भविष्य बताते हुए कहा कि 1500 से अधिक गोद ग्रामों के कायाकल्प में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
इस अवसर पर आयुक्त, उच्च शिक्षा विभाग प्रबल सिपाहा, उप कार्यक्रम सलाहकार, क्षेत्रीय निर्देशालय भोपाल डॉ. अशोक कुमार श्रोती, कुलपति, बीयू डॉ. सुरेंद्र कुमार जैन एवं डॉ अनिल शर्मा कुलसचिव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. समारोह में भरत शरण सिंह, अध्यक्ष निजी विश्वविद्यालय नियामक आयोग, पुरस्कृत किए जाने वाले प्राचार्य, कार्यक्रम अधिकारी, जिला संगठक, एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे. डॉ मनोज अग्निहोत्री राज्य एन एस एस अधिकारी ने स्वागत भाषण तथा पुरस्कार की अवधारणा प्रस्तुत की. कुलपति प्रो. सुरेंद्र कुमार जैन ने अपने संबोधन में कहा कि देश के भविष्य को गढ़ने की नर्सरी है राष्ट्रीय सेवा योजना.
कार्यक्रम का संचालन बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनंत कुमार सक्सेना एवं ई टी आई प्रशिक्षक, भोपाल राहुल सिंह परिहार द्वारा किया गया. मंच संचालन की भूमिका वरिष्ठ स्वयंसेवक अक्षय तिवारी एवं दुर्गा मिश्रा ने निभाई.
