मंडला: मंडला जिले के नारायणगंज विकासखंड में यात्रियों की सुविधा के लिए संचालित बस स्टैंड इन दिनों गहरे संकट में है। अतिक्रमण और ऑटो चालकों की मनमानी के कारण यह बस स्टैंड पूरी तरह से अव्यवस्था का शिकार हो गया है, जिसका सीधा खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि यात्री बस संचालकों ने बस स्टैंड में आना ही बंद कर दिया है, जिससे मंडला से जबलपुर जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं।
जानकारी अनुसार नारायणगंज बस स्टैंड लंबे समय से अतिक्रमण की चपेट में है। बस स्टैंड के चारों ओर अवैध दुकानें और ऑटो चालकों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे यात्री बसों की आवाजाही में भारी परेशानी होती है। जिस जगह पर यात्री बसों को खड़ा होना चाहिए, वहां ऑटो चालक बेतरतीब तरीके से अपने वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे अक्सर विवाद की स्थिति निर्मित होती है। केवल बस स्टैंड परिसर ही नहीं, बल्कि नारायणगंज बस स्टैंड से हाईवे मुख्य मार्ग तक मैली चौराहा और टिकरिया चौराहा जाने वाले रास्तों पर भी ऑटो का अत्यधिक जमावड़ा रहता है, जिससे यात्री वाहनों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बस चालक और ऑटो चालक के बीच विवाद, बस संचालकों में आक्रोश :
बताया गया कि बस चालक और ऑटो चालक के बीच सोमवार शाम करीब 4.45 बजे हुआ विवाद से अब यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई है। बताया गया कि सोमवार शाम मंडला से जबलपुर जाने वाली एक यात्री बस नारायणगंज बस स्टैंड पहुंची। जहां बस स्टैंड परिसर में एक सवारी ऑटो इस प्रकार खड़ा था कि यात्री बस को अपनी निर्धारित जगह पर खड़े होने में परेशानी हो रही थी।
ऑटो चालक वाहन को वहीं खड़ा कर कहीं चला गया था, जिसके कारण बस चालक को मजबूरन उस ऑटो को किनारे करना पड़ा जिससे वह बस को अपने स्थान पर खड़ा कर सके और नारायणगंज के यात्रियों को उतारकर आगे जाने वाले यात्रियों को बैठा सके। इसी बीच ऑटो चालक वापस आया और अपने ऑटो को अलग करने पर बस चालक और परिचालक से विवाद करने लगा। ऑटो चालक का कहना था कि जहां से ऑटो अलग किये हो ऑटो वहीं खड़ा करो और यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना ने मंडला से जबलपुर चलने वाले सभी यात्री बस संचालकों में भारी आक्रोश है। जिसके कारण सभी यात्री बसें नारायणगंज बस स्टेंड के अंदर आना मंगलवार सुबह से बंद कर दी है।
बस सेवा हुई ठप, यात्रियों की बढ़ी परेशानी :
इस घटना के बाद उपजे आक्रोश के चलते मंगलवार सुबह से ही सभी यात्री बसों ने नारायणगंज बस स्टैंड आना बंद कर दिया है। मंडला से जबलपुर और जबलपुर से मंडला जाने वाली सभी यात्री बसें अब हाईवे से सीधे गुजर रही हैं। इससे नारायणगंज आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टैंड तक पहुंचने के लिए अब यात्रियों को करीब दो किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। ऑटो चालकों और बस चालकों के बीच हुए इस विवाद का खामियाजा पूरी तरह से आम जनता को भुगतना पड़ रहा है, जो अपनी दैनिक यात्रा के लिए इन बसों पर निर्भर हैं।
समस्या पर ध्यान देने की मांग :
स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को इस समस्या को तत्काल संज्ञान लेने की बात कही है। इसके साथ ही बस स्टैंड से अतिक्रमण हटाना और ऑटो चालकों के लिए उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, जिससे यात्रियों को असुविधा ना हो और बस सेवा सामान्य रूप से संचालित हो सके। यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए तो यह समस्या और भी विकराल रूप ले सकती है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ सकती है।
