छिंदवाड़ा: अमरवाड़ा तहसील के बांसुरिया गांव के पास आज सुबह लगभग 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बारात से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. उक्त दुघर्टना में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती शाम बारात जिला नरसिंहपुर के करेली क्षेत्र से अमरवाड़ा के ग्राम बासुरिया क्षेत्र में आई थी और शादी समारोह के बाद वापस करेली की ओर लौट रही थी तब बांसुरिया गांव के पास बस आनियंत्रित होकर पलट गई.
इस दुघर्टना में जिला नरसिंहपुर के करेली निवासी गिरन सिंह ठाकुर (60 वर्ष) और उनके बेटे राहुल ठाकुर (27 वर्ष) की मौत हो गई है. और बस में सवार लगभग 29 बारातियों के घायल होने की बात सामने आ रही है. घायलों में तीन महिलाएं और तीन छोटे बच्चे शामिल हैं. घायलों को तत्काल पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से अमरवाड़ा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
