नयी दिल्ली (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि दिल्ली में भाजपा सरकार ने गुरुवार को पहली मंत्रिमंडल बैठक में न सिर्फ यहां के निवासियों को आयुष्मान भारत योजना जैसा तोहफा दिया है, बल्कि विधानसभा में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की लंबित सभी रिपोर्टों को रखने का प्रस्ताव पारित कर भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस का संकल्प दर्शाया।
श्री सचदेवा ने कहा कि यमुना आरती करके सरकार ने समयबद्ध यमुना सफाई करने के स्वप्न के संकल्प को भी दोहराया है। उन्होंने कहा, “हमने चुनाव प्रचार के दौरान मंत्रिमंडल की पहली बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू करने का वादा किया था और आज प्रदेश सरकार ने भाजपा के स्वास्थ्य से जुड़े जन संकल्प को पूरा किया है। शीघ्र ही हम पूरे चुनाव संकल्प पत्र पर काम प्रारम्भ करेंगे। ”
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार में सबसे बड़ा अंतर है कि यह एक जन आकांक्षाओं को समर्पित सरकार है, जिसकी मुख्यमंत्री और सभी मंत्री काम को आपस में बांट कर काम करेंगे।
उन्होने कहा कि केजरीवाल सरकार में मुख्यमंत्री विभाग विहीन रहते थे, अधिकांश मंत्री मामूली विभाग देखते थे और एक या दो मंत्री सारे महत्वपूर्ण विभाग देखते थे जिसके चलते प्रशासनिक निष्क्रियता थी और भ्रष्टाचार का बोलबाला था।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली सरकार अब दिल्ली नगर निगम, दिल्ली विकास प्राधिकरण और शेष दोनों नगर निकायों में समन्वय बना कर विकसित दिल्ली का संकल्प पूरा करेगी।
