
सिंगरौली । जिला अस्पताल सह ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी व्यवस्था की हकीकत आज सोमवार की सुबह उस समय सामने आई, जब उपचार की आस लेकर पहुंचे मरीजों को निर्धारित समय पर चिकित्सक उपलब्ध नहीं मिले। सुबह करीब 11:15 बजे इमरजेंसी कक्ष में ड्यूटी पर तैनात दोनों चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए।
इस दौरान मरीज और उनके परिजन उपचार के लिए इंतजार करते रहे, लेकिन तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार आज सोमवार को इमरजेंसी ड्यूटी पर दो चिकित्सको की तैनाती थी। हालांकि निरीक्षण के दौरान दोनों चिकित्सक इमरजेंसी कक्ष में मौजूद नहीं मिले। वहां बैठे एक युवक ने बताया कि दोनों चिकित्सक पोस्टमार्टम कार्य के लिए गए हुए हैं और उनके लौटने के बाद ही मरीजों का उपचार किया जाएगा। चिकित्सकों की अनुपस्थिति के चलते दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे मरीजों को इंतजार करना पड़ा। वहीं पोस्टमार्टम कार्य भी चिकित्सा व्यवस्था का आवश्यक हिस्सा है, लेकिन इसके चलते अस्पताल की इमरजेंसी सेवा प्रभावित होना कई सवाल खड़े करता है।
24 घंटे इमरजेंसी की निकल रही हवा
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में चौबीसों घंटे चिकित्सकीय उपलब्धता और तत्काल प्राथमिक उपचार की व्यवस्था अपेक्षित है। यहां पहुंचने वाले मरीज कई बार गंभीर स्थिति में होते हैं, जिनके लिए कुछ मिनटों की देरी भी परेशानी बढ़ा सकती है। ऐसे में चिकित्सकों की अनुपस्थिति के दौरान वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करना अस्पताल प्रबंधन की जिम्मेदारी है। अब सवाल यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस स्थिति पर क्या संज्ञान लेते हैं और भविष्य में ऐसी अव्यवस्था रोकने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
