धवारी स्टेडियम के नामकरण को लेकर गरमाई सियासत

सतना: शहर के धवारी स्टेडियम और नारायण तालाब सहित सार्वजनिक स्थलों के नामकरण को लेकर नगर निगम में विवाद गहराता जा रहा है। नगर निगम परिषद की बैठक से पहले ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जिसे देखते हुए यह आसार नजर आने लगे हैं राजनैतिक टकराव परिषद की बैठक से लेकर सड़क तक पहुंच सकता है।

धवारी स्टेडियम का नाम पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कुंवर अर्जुन सिंह के नाम पर यथावत रखने की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस और रॉयल राजपूत संगठन ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। दोनों संगठनों ने नाम बदलने के प्रस्ताव पर कड़ी आपत्ति जताते हुए निर्णय वापस नहीं लेने पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है। गौरतलब है कि नगर निगम परिषद की बैठक में सार्वजनिक स्थलों के नामकरण से जुड़े 13 प्रस्तावों पर चर्चा होनी है। इनमें धवारी स्टेडियम और नारायण तालाब से संबंधित प्रस्तावों को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। ऐसे में परिषद की बैठक में इन मुद्दों पर तीखी बहस होने के आसार हैं। नामकरण के प्रस्तावों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की सक्रियता ने मामले को और गरमा दिया है।

पहले पारित हो चुका है प्रस्ताव

कांग्रेस का कहना है कि पूर्व महापौर ममता पांडेय के कार्यकाल में धवारी स्टेडियम का नाम पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कुंवर अर्जुन सिंह के नाम पर रखने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बावजूद अब स्टेडियम का नाम महापौर योगेश ताम्रकार के पिता स्व. शंकर प्रसाद ताम्रकार के नाम पर रखने का प्रस्ताव सामने आने से विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने पुराने निर्णय का हवाला देते हुए स्टेडियम का नाम नहीं बदलने की मांग की है। वहीं धवारी स्टेडियम का नाम बदलने के विरोध में रॉयल राजपूत संगठन ने भी मोर्चा खोल दिया है।

तालाब के नामकरण पर भी सवाल
विवाद केवल धवारी स्टेडियम तक सीमित नहीं है। नारायण तालाब के नामकरण को लेकर भी प्रस्तावों में बदलाव पर सवाल उठ रहे हैं। पहले यहां झूलेलाल सरोवर नाम रखने का प्रस्ताव सामने आया था। इसके बाद महर्षि भारद्वाज सरोवर नाम का प्रस्ताव आया, लेकिन बाद में इसे भी हटा दिया गया। नामकरण को लेकर बार-बार बदलते प्रस्तावों ने पूरे मामले को विवाद के केंद्र में ला दिया है।

Next Post

बालोद में भारी बारिश की आशंका, 61 संवेदनशील गांवों में विशेष निगरानी के निर्देश

Wed Oct 28 , 2026
बालोद, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में संभावित चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से 27 से 29 अक्टूबर तक भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। पूर्व में अतिवृष्टि से प्रभावित 61 गांवों को विशेष निगरानी में रखा गया है। इसके साथ ही संभावित […]

You May Like