छतरपुर। जिले के चंदला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 में एक महिला को आग लगाकर गंभीर रूप से झुलसा देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उपचार के दौरान महिला की मौत हो जाने के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा भी जोड़ दी है।
जानकारी के अनुसार मई माह में डायल-112 को एक महिला के आग से झुलसने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान पीड़िता पुष्पा अहिरवार ने पुलिस को दिए बयान में अपने साथी राम मनोज कुशवाहा पर विवाह को लेकर हुए विवाद के चलते ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने का आरोप लगाया था।
महिला के बयान और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर चंदला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इसी दौरान उपचार के दौरान पुष्पा अहिरवार की मौत हो गई, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या की धारा भी जोड़ दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राम मनोज कुशवाहा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहनता से पड़ताल की जा रही है। वहीं मृतका के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
