सागर: सागर जिले के राहतगढ थाना क्षेत्र अंतर्गत मसुरयाई मे सागर से इंदौर जा रही यात्री बस तिराहे ग्राम बरखेड़ी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के ठीक पीछे पुलिस लाइन सागर में पदस्थ आरक्षक अंकित गुरु एवं देवेंद्र रैकवार जा रहे थे। उन्होंने बिना देर किए, अपनी जान की परवाह न करते हुए गाड़ी से डंडा निकालकर बस के कांच तोड़े और यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया।
दोनों आरक्षकों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम सागर के डायल 100 प्रभारी आर.के.एस. चौहान को हादसे की सूचना दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए जिला अस्पताल और बीएमसी मेडिकल कॉलेज के स्टाफ को भी तैयार रहने के निर्देश दिए।कंट्रोल रूम ने साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों, थाना प्रभारी राहतगढ़, सिहोरा चौकी प्रभारी, सागर के रात्रि गश्त अधिकारी, एसडीओपी राहतगढ़ एवं अन्य स्थानों के पुलिस बल को सूचित किया। तत्परता दिखाते हुए तीन डायल 100 वाहन, 108 एंबुलेंस और अन्य पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। संयुक्त प्रयास से सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया।
विशेष रूप से, बस में फंसे दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को निकालना बेहद कठिन था। एनएचएआई की क्रेन बुलाने की प्रक्रिया जारी थी, लेकिन क्रेन पहुंचने से पहले ही दोनों आरक्षकों ने भीड़ को प्रेरित कर सामूहिक प्रयास से बस को हिलाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें एक महिला के पैरों में और एक व्यक्ति के हाथ में गंभीर चोटें आईं, परंतु सभी की जान बचाई जा सकी।जिन यात्रियों को किसी भी तरह की चोट नहीं थी सभी को उनके सामान सहित थाना प्रभारी राहतगढ़ एवं चौकी प्रभारी सिहोरा द्वारा वाहनों की व्यवस्था कर सागर उनके घर तक सुरक्षित छुड़वाया गया
