
पेटलावद।केंद्र सरकार की प्रमुख योजना प्रधानमंत्री आवास योजना में नगर परिषद पेटलावद ने शानदार उपलब्धि दर्ज की है। नगर परिषद को शासन द्वारा कुल 419 आवासों का लक्ष्य आवंटित किया गया था, जिसमें से 417 मकान पूर्ण रूप से तैयार हो चुके हैं, और 2 मकान निर्माणाधीन हैं।
नगर परिषद की टीम द्वारा जमीनी स्तर पर किए गए बेहतर कार्य और लगातार की गई मानिटरिंग के चलते यह उपलब्धि संभव हो सकी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने बताया कि हितग्राहियों को समय पर मकान का लाभ दिलाने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी गई।
कुछ हितग्राहियों द्वारा आवास निर्माण के लिए प्राप्त राशि का उपयोग अन्य कार्यों में कर लेने की जानकारी मिलने पर उन्हें समझाइश दी गई और मकान पूर्ण कराए गए।
उधर,
मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के प्रयासों से अब योजना के दूसरे चरण यानी प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत पेटलावद को पुनः लाभ मिला है। अभी तक इस चरण में 141 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। नगर परिषद द्वारा इन आवेदनों का सर्वे कार्य शुरू कर दिया गया है, जिसके आधार पर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
