चेन्नई (वार्ता) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के ऑलराउंडर आर अश्विन ने अपनी टीम से पूछा है कि आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में उनकी भूमिका क्या होगी। उन्होंने फ्रैंचाइजी से कहा है कि अगर वह टीम की योजनाओं में फिट नहीं बैठते तो उन्हें टीम से अलग होने में कोई आपत्ति नहीं है।
खिलाड़ियों को रिलीज करने की अंतिम तारीख आमतौर पर इस बात पर निर्भर करती है कि उस साल की नीलामी कब है। यह आईपीएल 2026 के लिए अभी तय नहीं हुआ है। बड़ी नीलामी हर तीन साल में होती है, लेकिन छोटी नीलामी हर साल होती है। यह आमतौर पर नवंबर से फरवरी के बीच कभी भी हो सकती है। अगर किसी खिलाड़ी का ट्रेड होना हो तो यह नीलामी से एक हफ्ते पहले तक हो सकता है।
अश्विन आईपीएल में पांचवें सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने सीएसके से शुरुआत की थी और इसके बाद वह राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स), दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले। वह फिर 2025 में सीएसके में लौटे।
सीएसके को अभी और भी बड़े फैसले लेने हैं, जिसमें कप्तानी का मामला भी शामिल है। पिछले सीज़न जब नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल होकर बाहर हो गए थे, तब महेंद्र सिंह धोनी ने कमान संभाली थी। फ्रैंचाइजी हमेशा धोनी के ट्रेनिंग शुरू करने के बाद साल के अंत तक उनकी उपलब्धता के फैसले का इंतजार करती है। पिछले वर्ष सीएसके ने धोनी के मौजूद होने के बावजूद गायकवाड़ को कप्तान बनाया था और अगले साल भी ऐसा ही होना चाहिए, चाहे धोनी खेलना जारी रखें।
